जयपुर। राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) के अध्यक्ष हनुमान बेनीवाल ने राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट पर निशाना साधते हुए कहा कि पायलट के कहने से प्रदेश में एक पुलिस का सिपाही भी नहीं हटता है। पायलट किसी के घर में पानी का टैंकर भी नहीं डलवा सकते हैं। पायलट पर बरसते हुए बेनीवाल ने कहा कि राजस्थान में आपकी इज्जत क्या बची है? यह भी बता दो। उन्होंने कहा कि पायलट खुद ‘फौजमार कप्तान’ हैं। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भी ‘फौजमार कप्तान हैं’, लेकिन पायलट उनसे भी बड़े फौजमार कप्तान हैं। पायलट लोगों का इस्तेमाल कर उन्हे फेंक देते हैं। मुझे तो उन पर तरस आता है। बेनीवाल गुरुवार को जयपुर के विद्याधर नगर स्टेडियम में छात्र अधिकार हुंकार रैली को संबोधित कर रहे थे। बेनीवाल ने कहा कि राजस्थान में हालात बद से बदतर हो चुके हैं। महिलाओं पर अत्याचार हो रहे हैं। दुष्कर्म की घटनाएं प्रतिदिन सुनने को मिलती हैं। अपराधियों में पुलिस का भय नहीं है। राज्य सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है। सरकारी भर्ती परीक्षाओं के अबतक 26 पर्चे लीक हो चुके हैं। युवाओं का भविष्य अंधकार में नजर आता हैं। बेनीवाल ने कांग्रेस और भाजपा दोनों पर निशाना साधते हुए कहा कि आरएलपी हर वर्ग का ध्यान रखने की कोशिश कर रही हैं। उन्होंने प्रदेश में छात्रसंघ चुनाव करवाने की मांग की। रैली की शुरुआत सुबह 11 बजे होनी थी, लेकिन छात्रों की भीड़ नहीं होने की वजह से लगातार रैली के समय को आगे बढ़ाया गया। दोपहर बाद रैली की औपचारिक शुरुआत हुई।