नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम के कर्मचारियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। एमसीडी की ‘आप’ सरकार अपने कर्मचारियों को दीपावली पर बोनस देने का निर्णय लिया है। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को प्रेसवार्ता कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने दीपावली की शुभकमनाएं देते हुए कहा कि दीपावली पर निगम के सभी ग्रुप डी, ग्रुप सी और ग्रुप बी नॉन गजेटेड कर्मचारियों को 7-7 हजार रुपए बोनस दिया जाएगा, जबकि पिछले तीन साल से काम कर रहे कच्चे कर्मचारियों को 1200 रुपए मिलेगा। उन्होंने कहा कि जबसे एमसीडी में हमारी सरकार बनी है, लगातार अच्छे काम हो रहे हैं। 14 साल बाद अब सभी कर्मचारियों को समय पर तनख्वाह मिलने लगी है। निगम के सभी कर्मचारी हमारे परिवार का हिस्सा हैं। आपका ये भाई जब तक बेठक है, आपको किसी बात की चिंता करने की जरूरत नहीं है। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली नगर निगम में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने के बाद एक के बाद एक अच्छे काम हो रहे हैं। हम सिस्टम को धीरे-धीरे ठीक करने की कोशिश कर रहे हैं। नगर निगम में अब सभी कर्मचारियों को तनख्वाह हर महीने वक्त पर मिलने लगी है। दिल्ली के लोगों को पता है कि पहले एमसीडी के कर्मचारियों को अपनी तनख्वाह लेने के लिए धरने करने पड़ते थे। 14 साल बाद एमसीडी के कर्मचारियों को फिर से समय पर तनख्वाह मिलने लगी है।