रायपुर। कांग्रेस की छत्तीसगढ़ प्रभारी कुमारी शैलजा ने राजीव भवन में पत्रकारों से चर्चा करते हुये कहा कि पहले चरण के मतदान के बाद यह स्पष्ट हो गया कि राज्य में तीन चौथाई बहुमत से कांग्रेस की सरकार बन रही है। पहले चरण की सभी 20 सीटें कांग्रेस जीतेगी। राजनांदगांव में डॉ. रमन सिंह भी चुनाव हार रहे है। दूसरे चरण के मतदान के बाद हम अपने 75 सीटो के लक्ष्य को जरूर पूरा करेंगे। शैलजा ने कहा कि हम पूरे चुनाव को सकारात्मक तरीके से लड़े। हमारा प्रयास था कि हम अपने कामों के आधार पर जनता से वोट मांगे। हमारी सरकार ने पिछले पांच सालों में जो काम किया था हमारे वोट मांगने का वही बड़ा आधार था। हमारी सरकार ने किसान, मजदूर, युवाओं, अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति को सशक्त बनाने के लिये ठोस योजनायें बनाकर प्रभावी क्रियान्वयन किया। ऋण माफी, धान खरीदी, राजीव गांधी किसान न्याय योजना, मजदूर न्याय योजना, स्वामी आत्मानंद स्कूल, खूबचंद बघेल स्वास्थ्य योजना ने छत्तीसगढ़ की तस्वीर बदली। हमने 5 सालों में बेरोजगारी, गरीबी के खिलाफ लड़ाई लड़ी जिससे प्रदेश की 40 लाख आबादी गरीबी रेखा से ऊपर आ गयी। हमारी सरकार के उत्कृष्ट काम ही थे जो लोग आज चुनाव में हमारे खिलाफ झूठ उछाल रहे है उनकी केंद्र सरकार ने हमें 65 पुरस्कार दिये। कांग्रेस महिलाओं को देगी 15 हजार रुपए सालाना। हम महिलाओं को सशक्त स्वावलंबी बनाना चाहते है हम महिलाओं के परिवार को समर्थ स्वस्थ और शिक्षित भी बनाना चाहते है। हमारे घोषणा पत्र में इसका उल्लेख है। हम उनको सक्षम बनाने के लिये गृह लक्ष्मी योजना के साथ उनके खर्च में कटौती के लिये महतारी न्याय योजना में सस्ती गैस देंगे। उनके परिवारों को 10 लाख तक इलाज और उनके बच्चों के शिक्षा की व्यवस्था भी कांग्रेस की सरकार करेगी। हम महिला स्व सहायता समूह का कर्ज माफ कर महिलाओं को समर्थ बनायेंगे।